कपिल देव ने बल्लेबाजी से उड़ाई थी इस टीम की नींद, बनाया था चौंकाने वाला रिकॉर्ड

नई दिल्लीः भारतीय क्रिकेट टीम ने काफी समय से अच्छा परफोर्मेंस किया है, ऐसे-ऐसे खिलाड़ी आए जिन्होंने अपनी बल्लेबाजी व गेंदबाजी से क्रिकेट प्रेमियों को आकर्षित किया है। भारत के क्रिकेट इतिहास में आज का दिन (18 जून) बेहद खास माना जाता है। इसी दिन 37 साल पहले 1983 वर्ल्ड कप के दौरान कपिल देव ने नाबाद 175 रनों की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर पारी खेली थी। यह वनडे क्रिकेट में किसी भारतीय का पहला शतक था, इतना ही नहीं, यह उस वक्त वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज की सबसे बड़ी पारी भी थी।

उनकी उस पारी को याद कर आज भी फैंस रोमांचित हो उठते हैं। हालांकि कपिल देव की उस ऐतिहासिक पारी को सिर्फ वही लोग देख पाए, जो उस वक्त स्टेडियम में मौजूद थे, दुर्भाग्य से इस मैच का लाइव प्रसारण हुआ नहीं हुआ। इंग्लैंड में खेले गए 1983 वर्ल्ड कप के पहले ही दिन डंकन फ्लेचर के हरफनमौला प्रदर्शन के बूते ऑस्ट्रेलिया को हरा चुकी जिम्बाब्वे की टीम ने भारत की शुरुआत बिगाड़ दी थी। सुनील गावस्कर और के. श्रीकांत की सलामी जोड़ी बिना कोई रन बनाए पवेलियन लौट गई। विकेटों का गिरना जारी रहा, मोहिंदर अमरनाथ (5), संदीप पाटिल (1) और यशपाल शर्मा (9) ने सस्ते में विकेट गंवाए. यानी 17 रनों पर 5 विकेट खोकर भारतीय टीम मुश्किल में थी।

इसके बाद जो भी हुआ वह इतिहास बन गया। कप्तान कपिल देव ने रोजर बिन्नी (22) के साथ 60, मदन लाल (17) के साथ 62 और सैयद किरमानी (नाबाद 24) के साथ 126 रनों की नाबाद साझेदारी कर 60 ओवरों की पारी में भारत को 266/8 के स्कोर पर पहुंचा दिया। कपिल देव ने 138 गेंदों में नाबाद 175 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलीए। उन्होंने अपनी पारी में 16 चौके और 6 छक्के भी लगाए थे।

लेकिन कपिल देव की इस पारी का लुत्फ टनब्रिज वेल्स में नेविल मैदान में मौजूद दर्शक ही उठा सके क्योंकि बीबीसी टेक्नीशियन हड़ताल पर थे, जिससे इस मैच का टीवी पर प्रसारण नहीं हो पाया था। कपिल की शतकीय पारी से भारत ने 266 रनों का स्कोर बनाया, जो जिम्बाब्वे के लिए काफी ज्यादा साबित हुआ, जिसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 235 (57 ओवर) रनों पर सिमट गई और भारत ने 31 रनों से जीत हासिल की।

 

The post कपिल देव ने बल्लेबाजी से उड़ाई थी इस टीम की नींद, बनाया था चौंकाने वाला रिकॉर्ड appeared first on News 24.



source https://hindi.news24online.com/sports/kapil-dev-blew-the-batting-of-this-team-made-a-shocking-record/19395/

Comments