पाकिस्तान में नहीं इस देश में हो सकता है एशिया कप, आईपीएल पर संकट के बादल !

नई दिल्लीः कोरोना वायरस (CoronaVirus) के संकट को देखते हुए दुनियाभर में खेल प्रतियोगिताओं पर रोक लगा रखी है। ऐसे में इस साल सितंबर में होने वाला एशिया कप (Esia Cup) श्रीलंका (Sri Lanka) में खेला जा सकता है। हालांकि एशिया कप का होना ipl के लिए और ज़्यादा मुश्किलें पैदा कर सकता है। अभी एशिया कप की मेजबानी पाकिस्तान के पास है, लेकिन पाकिस्तान में एशिया कप हो सके ऐसा बहुत मुश्किल नज़र आता है।

एक तो भारत ने साफ-साफ मना कर दिया है कि वो पाकिस्तान की धरती पर कोई सीरीज़ नहीं खेलेगा। दूसरा ये कि पाकिस्तान में कोरोना ने कहर बरपाया हुआ है। इसी वजह से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानि की पीसीबी ने श्रीलंका को एशिया कप की मेजबानी करने का प्रस्ताव दिया है। लेकिन इसके बदले में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड श्रीलंका के साथ एक डील करना चाहता है। पीसीबी इसके बदले श्रीलंका में होने वाले 2022 एशिया कप की मेजबानी चाहता है।

पीसीबी ने अदला-बदली का ये प्रस्ताव श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को 9 जून को हुई एशिया क्रिकेट काउंसिल की मीटिंग में दिया। श्रीलंका में 2010 के बाद से अब तक एशिया कप नहीं हुआ है। उसके पास इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी का अच्छा मौका है। हालांकि एसीसी की कार्यकारी समिति ने इस पर कोई फैसला नहीं लिया है। उम्मीद है कि इस मामले में जून के आखिर में फैसला लिया जा सकता है। एशिया कप में कुल 6 टीमें लेंगी। ये हैं- भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश। छठी टीम का फैसला क्वॉलिफायर के जरिए होगा।

ऐसा रहा है एशिया कप का इतिहास

1984 में पहला एशिया कप संयुक्त अरब अमीरात में खेला गया था। टूर्नामेंट हर 2 साल में होता है। 2018 का एशिया कप भी यूएई में ही खेला गया था। टीम इंडिया ने अब तक 7, श्रीलंका 5 और पाकिस्तान 2 बार विजेता बना। बांग्लादेश टीम अब तक यह ट्रॉफी नहीं जीत पाई है। सितंबर में होने वाले एशिया कप पर एशियन क्रिकेट काउंसिल आखिरी फैसला जून के आखिर में ले सकती है।

इस निर्णय के बाद ही तय होगा कि इस साल का एशिया कप होगा तो कहां होगा। हालांकि अगर इस साल एशिया कप हुआ तो फिर आईपीएल पर संकट के बादल छा सकते हैं, क्योंकि बीसीसीआई आईपीएल को करवाने के लिए सितंबर-अक्टूबर की विंडो देख रहा है और अगर एशिया कप हुआ तो फिर BCCI के मंसूबों पर पानी फिर सकता है।

The post पाकिस्तान में नहीं इस देश में हो सकता है एशिया कप, आईपीएल पर संकट के बादल ! appeared first on News 24.



source https://hindi.news24online.com/sports/asia-cup-may-be-in-this-country-not-in-pakistan-ipl-crisis/18205/

Comments