बांग्लादेश के पूर्व कप्तान सहित तीन खिलड़ियों को हुआ कोरोना वायरस, जानें

प्रदीप सहगल, नई दिल्लीः कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया में तबाही मचा रखी है, जिसकी वजह से अब तक करीब 4.63 लाख लोगों की जान जा चुकी है। 87.7 लाख लोग अभी तक इससे संक्रमित हुए हैं, जिसमें करीब 40.33 लाख संक्रमित ठीक होकर घर आ चुके हैं। दूसरी और इससे क्रिकेटर्स भी अछूते नहीं रहे हैं। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी के बाद अब बांग्लादेश के पूर्व कप्तान मुशरफे मुर्तजा भी इस वायरस की चपेट में आ गए हैं। मुर्तज़ा के अलावा दो और बांग्लादेशी खिलाड़ी भी इस वायरस से इंफेक्टेड हो गए हैं। बांग्लादेशी खिलाड़ी नजमुल इस्लाम और नफीस इकबाल भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए।

पिछले हफ्ते शाहिद अफरीदी इस खतरनाक वायरस की चपेट में आए थे और अब मुर्तजा भी पॉजिटिव पाए गए। वो शाहिद अफरीदी के बाद कोरोना पॉजिटिव आने वाले दूसरे बड़े क्रिकेटर हैं। फिलहाल मुर्तज़ा अपने घर में क्वारंटीन किए गए है। मुर्तजा ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, आज मेरा कोरोना वायरस टेस्ट का नतीजा पॉजिटिव रहा।

सभी मेरे जल्दी ठीक होने के लिये दुआ करें। अब संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख पार कर गया है। हमें और एहतियात बरतनी होगी। घरों में रहे और जरूरी नहीं होने पर बाहर नहीं निकलें। मैं घर में प्रोटोकॉल का पालन कर रहा हूं। हमें घबराने की बजाय इस बीमारी को लेकर जागरूकता पैदा करनी होगी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक मुर्तजा के परिवार के कुछ सदस्य इस बीमारी से संक्रमित पाए गए थे। मुर्तजा संसद के सदस्य है और इस वायरस के दौरान राहत अभियान चला रहे थे। मुर्तजा के अलावा वनडे टीम के कप्तान तमीम इकबाल के बड़े भाई और बांग्लादेश के पूर्व क्रिकेटर नफीस इकबाल कोरोना वायरस की जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं। बाएं हाथ के स्पिनर इस्लाम भी पॉजिटिव पाए गए जो अपने शहर में राहत कार्य में लगे थे।

नफीस इकबाल ने 2003 में बांग्लादेश के लिए डेब्यू किया था लेकिन 2006 के बाद राष्ट्रीय टीम से बाहर हो गए। नफीस ने खुद पुष्टि की है कि वह इस वायरस से संक्रमित हुए हैं और इस समय वह चटगांव में घर में अलग रह रहे हैं। बांग्लादेश के इन तीन क्रिकटर्स से पहले पाकिस्तान के भी तीन क्रिकेटर शाहिद अफरीदी, तौफिक उमर और जफर सरफराज भी इस वायरस से संक्रमित पाए गए थे।

The post बांग्लादेश के पूर्व कप्तान सहित तीन खिलड़ियों को हुआ कोरोना वायरस, जानें appeared first on News 24.



source https://hindi.news24online.com/sports/three-players-including-former-bangladesh-captain-get-corona-virus/20271/

Comments